– प्रेम आनन्दकर, अजमेर
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह के सामने भी एक नहीं हुए कांग्रेसी, पायलट गुट ने बनाए रखी दूरी
कांग्रेस के दिग्गज नेता राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह की रविवार को अजमेर यात्रा के दौरान भी शहर कांग्रेस की गुटबाजी दिखाई दी। गिनती के 15-20 कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ही जुट पाए। भंवर जितेंद्र सिंह सोमवार को राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने जयपुर से खींवसर गए थे। उनके साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पूर्व मंत्री शकुंतला रावत भी थीं। भंवर जितेंद्र सिंह की मेजबानी राजस्थान पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने की।
सिंह ने रविवार को रात्रि विश्राम पुष्कर में किया। सिंह का किशनगढ़ टोल पर होटल हाईवे किंग एवं पुष्कर बाईपास पर होटल भंवर सिंह पैलेस पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समर्थकों ने स्वागत किया। सिंह ने पुष्कर सरोवर की पूजा-अर्चना की। ब्रह्मा मंदिर और साईं बाबा मंदिर के दर्शन किए। यह तो आपको पता ही है कि अजमेर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट गुट का वर्चस्व है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह की मेजबानी गहलोत के सिपहसालार राठौड़ ने की, तो पायलट गुट ने सिंह के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी, जिससे कांग्रेस की एक बार फिर जगहंसाई हुई।
बताया जाता है कि गहलोत गुट के राठौड़ के साथ 15-20 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ही रहे। सिंह के किशनगढ़ आगमन पर क्षेत्रीय विधायक विकास चौधरी, किशनगढ़ नगर कांग्रेस के अध्यक्ष, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पुष्कर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदेश के पदाधिकारी एवं पीसीसी सदस्य नदारद रहे। इससे अंदाज लगाया जा सकता है कि गहलोत के खास सिपहसालार राठौड़ की स्थिति अजमेर कांग्रेस में कैसी है।
दूसरी ओर राठौड़ समर्थकों की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि सिंह, जूली एवं पूर्व मंत्री शकुंतला रावत से राठौड़ की अगुवाई में पार्षद नौरत गुर्जर, गुलाम मुस्तफा, उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, वाहिद मोहम्मद, सर्वेश पारीक, अमाद चिश्ती, भंवर सिंह राठौड़, राजा झांझरी, छोटू सिंह रावत, आरिफ खान, विकास चौहान, राजेश ओझा, सुमित मित्तल, निर्मल पारीक, दीपक बागड़ी, रामा गुर्जर आदि ने चारों स्वागत किया। इन सभी कांग्रेसियों ने सिंह व जूली को संगठनात्मक गतिवधियों की जानकारी देते हुए अजमेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सक्रिय व निष्ठावान कार्यकर्ता की शीघ्र ही नियुक्ति कराने का आग्रह किया।
जनपत्र डेस्क
जनपत्र डेस्क विभिन्न सम्मानित पत्रकारो द्वारा लिखित समाचार, राय आदि का संकलन है |