

राजनीति के क्षेत्र में अग्रवाल समाज को ताकत दिखानी चाहिए-सांसद दामोदर दास अग्रवाल।
एक फरवरी को बसंतोत्सव पर भारत माता का पूजन और कला साधकों का सम्मान।
अजमेर में 30 जनवरी को सद्भावना यात्रा।
देश के ख्याति प्राप्त लेखक, कवि और साहित्यकार अजमेर निवासी डॉ. विनोद सोमानी हंस की नई पुस्तक महर के मोती का लोकार्पण 27 जनवरी को राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया। पुस्तक की पहली प्रति डॉ. सोमानी के पुत्र और मित्तल समूह (अस्पताल मॉल) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम सोमानी ने देवनानी को भेंट की। देवनानी ने कहा कि यह पुस्तक गागर में सागर के समान है। इस अवसर पर श्याम सोमानी ने बताया कि उनके पिता ने अब तक हिंदी में 27, राजस्थानी में 10 पुस्तकें लिखी हैं, 18 कविता संग्रह, 6 उपन्यास, 9 कहानी संग्रह, एक जीवनी, एक निबंध संग्रह, एक व्यंग्य संग्रह तथा एक अनुवाद प्रकाशित है। उल्लेखनीय है कि डॉ.विनोद सोमानी हंस राजस्थान के उन चुनिंदा साहित्यकारों में से एक हैं जिन्हें राजस्थान साहित्य अकादमी ने वर्ष 2023-2024 के अमृत सम्मान से नवाजा है। डॉ विनोद सोमानी की अब तक लगभग 40 से अधिक पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है जिनमें कहानी व कविता संग्रह, अनुवाद आदि शामिल हैं। नया लघु कविता संग्रह महर के मोती लेखक का 11 वां काव्य संग्रह हैं। लेखक ने हिन्दी, राजस्थानी भाषाओं में लिखे काव्य व कहानियों के जरिए अपने जीवन के अनुभव और चिंता को दर्शाया है। शब्द सागर के अध्यक्ष श्रीकृष्ण शर्मा ने डॉ हंस के लघु कविता संग्रह महर के मोती की समीक्षा करते हुए कहा कि हंस का स्वभाव नीर क्षीर विवेक करना है इसलिए संग्रह में कविवर कहते हैं कि फैला दो तुम अंधियारा जग में, मैं दीपक नया जला दूंगा। आज की राजनीति पर व्यंग्य करते हुए डॉ हंस कहते है, आज के अर्जुन, कृष्ण को राजनीति सिखाते हैं।
सुदामा पराए धन से गुलछर्रे उड़ाते हैं। कैसी विडम्बना है कि एक वो भी समय था जब अर्जुन ने कृष्ण से गीता सुनी एक बार, पर बार बार सुनकर भी हमारे मन में है अन्धकार। समीक्षक शर्मा ने कहा कि कविवर अपने अनुभव और पैनी दृष्टि से समाज के हर वर्ग को आइना दिखाते हैं। कविवर जाति और धर्म में बंट रहे समाज पर लिखते हैं मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा सब एक है, कण कण में विराजित। देखें तो अपने भीतर सर्वत्र ईश्वर ही ईश्वर मिलेंगे। समीक्षक ने लिखा कि कविवर डॉ हंस जानते हैं कि आज तो यत्र तत्र सर्वत्र अत्याचार, अनाचार, भ्रष्टाचार, व्यभिचार धड़ल्ले से हो रहे हैं पर अपराधियों का कभी कोई बाल भी बांका नहीं होता इसलिए वे कहते हैं अपराधियों का आचरण गन्दा है पर वे जानते हैं, कानून अंधा है।
लघु कविता संग्रह महर के मोती का सम्पादकीय डॉ हंस के पुत्र डॉ. श्याम सोमानी ने लिखा कि हर विद्या के लेखन में निपुण और संपादकीय कला में दक्ष वयोवृद्ध साहित्यकार विनोद सोमानी हंस पैसठ वर्षों से सृजनरत हैं। सोमानी ने लिखा कि मनुष्य के पास अब साधन, सुविधाओं, ज्ञान-विज्ञान का भंडार तो हो गया है, पूरी दुनिया उसके एक अंगूठे के नीचे हैं फिर भी पीड़ा है कि वह स्वयं की छोटी-छोटी जानकारियों से अनभिज्ञ है। कविवर ने अपनी लघु कविताओं में लिखा ऊपर से हम शेर हैं, भीतर से कमजोर, जग चाहे जीत लें, खुद पर नहीं जोर। युवाओं की जीवन शैली पर कविवर ने कहा ताश के पत्तों की नाईं, हम जीवन जीते हैं, कभी हार कभी जीत, हम रीते के रीते हैं। हिंदी और राजस्थानी के साहित्य भंडार को भरने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दैनिक भास्कर अजमेर ने डॉ विनोद सोमानी हंस को शख्सियत से नवाजा है। भीलवाड़ा हरणी महादेव फार्म श्री दाता पावन धाम के श्री हरदयाल सिंह ने महर के मोती लघु कविता संग्रह पर कहा कि रचना अति सुंदर लगी। हंस का स्वाभाविक स्वभाव मोती चुगने का है। यह कथन डॉ हंस की रचनाओं से सत्य लगता है। डॉ. हंस के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9314390005 पर श्याम सोमानी से ली जा सकती है।
अग्रवाल समाज भी ताकत दिखाएं:
राजस्थान के भीलवाड़ा से भाजपा के सांसद दामोदर दास अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज को राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी ताकत दिखानी चाहिए। 26 जनवरी को अजमेर में अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में सांसद अग्रवाल ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रवाल बंधुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है। लेकिन जब जरूरत होती है तो समाज के बंधुओं को दूसरों के द्वार पर जाकर खड़ा होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को राजनीति में आकर विधायक, सांसद, पार्षद आदि बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा एक मात्र राजनीतिक दल है जिसमें छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़े से बड़ा पद मिलता है। उन्होंने इसके लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम का उल्लेख किया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि अशोक पंसारी ने मांग की कि राजस्थान में अग्र कल्याण बोर्ड के साथ साथ व्यापारिक कल्याण बोर्ड का भी गठन किया जाए। इस अवसर पर सीताराम गोयल, शैलेंद्र अग्रवाल, गिरधारी मंगल, लोकेश अग्रवाल आदि ने सांसद अग्रवाल का स्वागत किया। इस कार्यक्रम के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9414003159 पर अशोक पंसारी से ली जा सकती है।
एक फरवरी को बसंतोत्सव:
संगीता स्मृति सेवा संस्थान एवं सावन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में एक फरवरी को बसंतोत्सव पर भारत माता पूजन का समारोह आयोजित किया गया है। सांस्कृतिक संस्था सप्तक के मार्गदर्शक सुनील दत्त जैन और अध्यक्ष ललित शर्मा ने बताया कि एक फरवरी को प्रात:10 बजे कोटड़ा स्थित सावन सीनियर सैकंडरी स्कूल के सभागार में होने वाले इस समारोह में भारत माता के चित्र के पूजन के साथ साथ कला साधक उम्मेद सिंह तोमर को जगतपिता ब्रह्मा सम्मान, सुश्री श्रेय पोपट (कत्थक नृत्यांगना, मुंबई) भगवान नटराज सम्मान, पंडित अनुरत्न रॉय (शास्त्रीय गायक मुंबई) माँ शारदे सम्मान, जुगल किशोर खंडेलवाल (समाजसेवी) को मां भारती सम्मान तथा पंडित विवेक मिश्रा को महाबली बजरंगी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। समारोह की मुख्य अतिथि अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन सुश्री ज्योति ककवानी होंगी। मुख्य वक्ता के तौर पर विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री गोविंद कुमार अपने विचार रखेंगे। हरीश कुमार शर्मा, गोप मिरानी तथा वनिता जेमान ने कला प्रेमियों से समारोह में भाग लेने की अपील की है। इस आयोजन के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर मोबाइल नंबर 9829147270 पर सुनील दत्त जैन तथा मोबाइल नंबर 9414416461 पर ललित शर्मा से ली जा सकती है।
सद्भावना यात्रा:
पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) और गांधी महोत्सव समिति की ओर से 30 जनवरी को अजमेर में सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। प्रो. अनंत भटनागर और डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने बताया कि यह सद्भावना यात्रा प्रात:11 बजे आगरा गेट स्थित रॉबसन मेमोरियल चर्च से रवाना होकर महावीर सर्किल, गंज देहली गेट, दरगाह बाजार, नला बाजार, मदार गेट होते हुए गांधी भवन पर संपन्न होगी। इस सद्भावना यात्रा के माध्यम से अजमेर में सौहार्द एवं शांति का संदेश दिया जाएगा। भटनागर और डॉ. बाहेती ने कहा कि इन दिनों कुछ लोग अजमेर का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। जबकि अजमेर में सूफी संत ख्वाजा साहब की दरगाह और पुष्कर तीर्थ होने के कारण सांप्रदायिक माहौल बहुत अच्छा है। सभी धर्मों के लोग शांतिपूर्ण तरीके से रहते हैं। लेकिन कुछ लोगों ने बाहर से आकर अजमेर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। इस सद्भावना यात्रा के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9828052917 पर अनंत भटनागर से ली जा सकती है।