पति से प्यार की जगह मिली लात-जूते और गाली
गोरखपुर में दो महिलाओं ने पतियों की प्रताड़ना से तंग आकर एक-दूसरे से शादी कर ली। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने मंदिर में सात फेरे लिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दो महिलाओं की शादी की अनोखी घटना घटी है। दोनों महिलाएं पहले से शादीशुदा थीं। दोनों का कहना है कि वे अपने-अपने पति की प्रताड़ना से तंग आ गईं थी। पति उन्हें प्यार की जगह लात-जूते मारते थे, गालियां देते थे। इस उत्पीड़न से तंग आकर दोनों करीब आईं और आखिरकार शादी कर लिया। मामला गोरखपुर का है।
आपस में शादी करने वाली दो महिलाओं के नाम कविता और गुंजा उर्फ बबलू हैं। दोनों ने गुरुवार शाम को देवरिया के छोटी काशी के नाम से मशहूर शिव मंदिर में विवाह कर लिया। दोनों इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। जल्द ही उनके बीच दोस्ती हो गई थी। शादी करने का फैसला करने से पहले वे छह साल तक संपर्क में रहे। मंदिर में विवाह के समय गुंजा ने दूल्हे का रोल किया। उसने कविता की मांग में सिंदूर भरा। दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाए और अग्नि के सात फेरे लिए।
महिलाओं ने कहा- शराबी पति करता था पिटाई
शादी करने वाली एक महिला ने कहा कि उसका पति शराबी था। वह रोज पिटाई करता था। पति से उसे चार बच्चे हुए। लगातार मारपीट किए जाने से तंग आकर वह अपने माता पिता के घर चली आई थी। दूसरी महिला ने कहा कि उसका पति भी बहुत अधिक शराब पीता था। मारता-पिटता था। बेवफाई के आरोप लगाता था। इसके चलते उसने पति को छोड़ दिया।
गुंजा ने कहा, “हम अपने पतियों के शराब पीने और अपमानजनक व्यवहार से परेशान थे। इसने हमें शांति और प्रेम का जीवन चुनने के लिए मजबूर किया। हमने गोरखपुर में एक जोड़े के रूप में रहने का फैसला किया है।”
दोनों महिलाओं ने कहा कि हम एक दूसरे से अलग नहीं होंगी। हम हमेशा साथ रहेंगी। विवाह के समय तक दोनों महिलाओं के पास कोई घर नहीं था। उनकी योजना किराये के घर में रहने की है।