धौलपुर में दो भाइयों की शादी में पटाखा फूटने से झगड़ा शुरू हुआ और फिर गोलियां चल गईं। दूल्हे के मामा और भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धौलपुर (राजस्थान) धौलपुर जिले में शादी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब बारात के दौरान हुए झगड़े में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पटाखा जलाकर फेंक दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे बारात में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। पटाखे की घटना के कुछ देर के बाद ही गोलियां की आवाजों से पूरा इलाका गूंज गया और कुछ लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर रात की है।
उत्तर प्रदेश से धौलपुर आई थी बारात
पुलिस के अनुसार यह बारात उत्तर प्रदेश के जगनेर इलाके से रामजीलाल कोली के पुत्रों देवेन्द्र और राहुल की थी। शादी के दौरान दूल्हे के मामा धर्मवीर कोली और उसका भांजा रंजीत कोली भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बारात चढ़ाई के दौरान कुछ युवक नशे में धुत होकर डांस कर रहे थे। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लात घूंसे चलने लगे। इसी बीच किसी अज्ञात शख्स ने पटाखा जलाकर बारात में फेंक दिया, जिससे धर्मवीर और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके बाद फायरिंग भी हुई है।
विवाद की शुरूआत इस वजह से हुई थी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी लालमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत बाड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद की शुरूआत नशे की वजह से हुई। पुलिस अब उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने पटाखा फेंका। गोली चलाने वालों को भी तलाशा जा रहा है।
देखते ही देखते सारी खुशियां मातम में बदलीं
शादी का माहौल इस घटना के बाद गम में बदल गया। बारातियों और स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर नाराजगी है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।