दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को ममता बनर्जी की पार्टी का समर्थन मिल गया है। अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने हमेशा हमारा साथ दिया है।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का साथ मिल गया है। उनकी पार्टी ने आप को सपोर्ट करने की घोषणा की है। बुधवार को आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने यह बात कही।
केजरीवाल ने सहयोग करने के लिए ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया। उन्होंने पर पोस्ट किया, “टीएमसी ने दिल्ली चुनाव में आप को समर्थन देने की घोषणा की है। मैं व्यक्तिगत रूप से ममता दीदी का आभारी हूं। धन्यवाद दीदी। आपने हमेशा हमारे अच्छे और बुरे समय में हमारा साथ दिया है और आशीर्वाद दिया है।”
ममता बनर्जी के इस फैसले से विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ रही है। उसका मुकाबला भाजपा और आप के साथ है। इससे पहले समाजवादी पार्टी और शिवसेना (यूबीटी) ने दिल्ली चुनाव में आप को समर्थन देने की घोषणा की थी।
आप ने लोकसभा चुनाव के समय किया था कांग्रेस के साथ गठबंधन
बता दें कि आप ने लोकसभा चुनाव 2024 के समय दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था। विधानसभा चुनाव के लिए आप ने कांग्रेस से गठबंधन करने से इनकार कर दिया। आप ने अकेले ही दिल्ली के चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं। 2015 के चुनाव में आप ने 67 और 2020 के चुनाव में 62 सीटें जीती थी। आप की कोशिश तीसरी बार दिल्ली में सरकार बनाने की है। दिल्ली में एक चरण में चुनाव हो रहे हैं। मतदान 5 फरवरी को होगा। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी।