अजमेर कलेक्टर लोकबंधु और एडीएम ककवानी ने जरूरतमंदों की सुध ली
लोक माता अहिल्या बाई होल्कर की त्रिशताब्दी जन्म जयंती के अवसर पर देशव्यापी अभियान के अंतर्गत तीर्थ नगरी पुष्कर में चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। पुष्कर के कार्यक्रम की खासियत यह है कि अहिल्या बाई होल्कर के वंशज उदयराजे होल्कर भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पुष्कर समारोह समिति के अध्यक्ष दशरथ सिंह तंवर और संयोजक जगदेव सिंह व रणवीर सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को सायं सात बजे पुष्कर के ब्रह्म घाट पर सुंदरकांड के पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरूआत होगी।
एक जनवरी को माहेश्वरी सेवा सदन में रात 8 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा, इस सम्मेलन में कवि विनीत चौहान, मुकेश, राम भदावर, गौरव चौहान, राजेंद्र गौड़ आदि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पुष्कर के पवित्र सरोवर पर होल्कर घाट भी बना हुआ है। इस घाट पर 2 जनवरी को सायं छह बजे दीपदान और महाआरती होगी। 3 जनवरी को 9 खंडीय मंदिर के सामने विराट धर्मसभा होगी। दोपहर 12 बजे होने वाली इस धर्मसभा में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ प्रवचन देंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. गोपाल कृष्ण और अहिल्या बाई होल्कर के वंशज उदयराजे होल्कर का भी संबोधन होगा।
धर्म सभा से पहले पुष्कर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पुष्कर क्षेत्र के सौ से भ ज्यादा गांव ढाणी में प्रचार प्रसार किया गया है। चूंकि अहिल्या बाई होल्कर की भारत के धार्मिक स्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही इसलिए लोगों के मन में अहिल्या बाई के प्रति आज भी सम्मान और श्रद्धा है।
अहिल्या बाई ने विपरीत हालातों में भी सनातन धर्म की पताका को लहराया। पुष्कर के कार्यक्रम के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9414166757 पर जगदेव सिंह और 8290671143 पर रणवीर सिंह से ली जा सकती है।
जरूरतमंदों की सुध
अजमेर के जिला कलेक्टर लोकबंधु और अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) ज्योति ककवानी ने मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र तथा अन्नपूर्णा रसोई घरों का आकस्मिक निरीक्षण कर जरूरतमंदों की सुध ली। नगर निगम द्वारा संचालित इन संस्थानों में सुविधा प्राप्त कर रहे लोगों से कलेक्टर और एडीएम ने संवाद किया। केंद्रों पर उपस्थित जरुरतमंदों ने बताया कि यहां पर्याप्त सुविधाएं मिल रही है।