लोकसभा चुनाव में 11 सीटों पर हार के कारण भी जाने
अजमेर दक्षिण क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार विधायक चुनी गई श्रीमती अनिता भदेल ने 13 जुलाई को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात में राजस्थान की राजनीति पर भी मंत्रणा हुई। प्रदेश की राजनीति में अमित शाह और अनिता भदेल की मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक मंत्रणा के संबंध में जब भदेल से जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि यह मंत्रणा पार्टी का आंतरिक मामला है, जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
मैंने भाजपा के एक कार्यकर्ता के तौर पर अपने राजनीतिक विचारों को शाह के सामने रखा है। लेकिन भदेल ने इस बात को स्वीकार किया कि हाल ही के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 11 सीटों पर भाजपा की हार को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व चिंतित है। राजस्थान उन प्रदेशों में शामिल हैं, जहां भाजपा की स्थिति मजबूत रही है। लेकिन फिर भी 24 में से 11 सीटों पर हार हो गई। यह सही है कि मैंने कुछ सीटों पर हार के कारण अमित शाह को बताए। इसके साथ ही मैंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। मौजूदा समय में प्रदेश की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है।
भदेल ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार की लोकलुभावन नीतियों के कारण सरकार का खजाना खाली हो गया। भदेल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की प्रशंसा गृह मंत्री के समक्ष की। भदेल ने कहा कि भले ही शर्मा नए हो, लेकिन वह सब को साथ लेकर चल रहे है। भदेल ने मुलाकात में अमित शाह का इसलिए भी आभार प्रकट किया कि वे विधानसभा चुनाव में अजमेर आए थे। इस पर शाह ने कहा कि अनीता जी मैं आपके निर्वाचन क्षेत्र में 2023 में ही नहीं बल्कि 2018 के चुनाव में भी आया था। शाह के इस तथ्य को भदेल ने हाथ जोड़कर स्वीकार किया।
मालूम हो कि श्रीमती भदेल के मंत्री बनने की पूरी संभावना थी। मंत्रिमंडल के विस्तार वाले दिन न्यूज चैनलों पर भदेल का नाम भी प्रसारित हो गया था। यह बात अलग है कि बाद में मंत्री पद की शपथ नहीं ले पाई। लेकिन अमित शाह से ताजा मुलाकात को राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रीमती भदेल विधानसभा के बजट सत्र में भी वरिष्ठ विधायक के नाते बेहद सक्रिय है। भदेल ने मुलाकात में केंद्रीय गृहमंत्री को कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी। इस संबंध में और अधिक जानकारी 9829270288 पर अनिता भदेल से ली जा सकती है।