
बुजुर्गों के लिए बदले टीकाकरण के नियम
बच्चे सुरक्षित तो देश सुरक्षित: मंडाविया
नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 12 से 14 साल के बच्चों को 16 मार्च से कोरोना टीका लगाने का फैसला लिया है। बच्चों को कार्बेवेक्स लगाई जानी है। वैक्सीन बायोलॉजिकल ई कंपनी ने बनाया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडावियाने कहा कि बच्चे सुरक्षित तो देश सुरक्षित रहेगा। सभी अभिभावक अवश्य टीका लगवाएं। इसके साथ ही प्रिकॉशन डोज को लेकर भी कुछ नियम बदले गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अब 60 साल से ऊपर का कोई भी व्यक्ति कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज ले सकता है। इसके लिए बनाई गई अनिवार्यताओं को खत्म कर दिया गया है। पहले फ्रंट लाइन वर्कर और गंभीर बीमारियों से पीड़ित बुजुर्गों के लिए ही प्रिकॉशन डोज की अनुमति थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 12 से 14 साल तक के बच्चों को कार्बेवैक्स लगाई जानी है। कार्बेवैक्स एक रिकॉम्बिनेंट प्रोटीन सब यूनिट वैक्सीन है। यह कोरोना वायरस की सतह पर पाए जाने वाले प्रोटीन से बनी है। यह स्पाइक प्रोटीन ही वायरस को शरीर की कोशिकाओं में घुसने में मदद करता है। इसके बाद वायरस अपनी तादाद बढ़ाकर शरीर में संक्रमण फैलाना शुरू करता है।
प्रदेश के 12 जिलों में 85 नए मरीज
जयपुर। प्रदेश में दम तोड़ते कोराना संक्रमण के साथ तीसरी लहर का प्रभाव भी लगभग समाप्त हो रहा है। इस क्रम में राज्य में दिसम्बर के बाद पहली बार 21 जिले ऐसे रहे जहां एक भी नया संक्रमित नहीं मिला और अन्य 12 जिलों में महज 85 मरीज मिले हैं 137 मरीज रिकवर भी हुए हैं। चिकित्सा विभाग के अनुसार जयपुर में 41, जोधपुर में 20 नए संक्रमित मिले। इसके अलावा अलवर में 5, बीकानेर राजसमंद और पाली में 2, करौली, झुंझुनूं, झालावाड़, दौसा और बांसवाड़ा में 1 संक्रमित मिला है। अन्य शहरों में कोई भी नया मरीज नहीं मिला है। राजस्थान में 12 प्लस के 3.24 लाख बच्चे है। दुनिया में चीन में टीका जरूरी कर दिया है। 85 प्रतिशत को दोनों डोज लग चुकी है।