जयपुर में 60 फीट गहरे कुएं में गिरी मां को बचाने के लिए बेटा भी कूद गया। पानी में डूबने से मां-बेटे की माैत हो गई। बताया जा रहा है कि कुएं से पानी निकालते समय महिला का पैर फिसल गया था और वह कुएं में गिर गई थी। हादसा चाकसू में रविवार सुबह हुआ। पुलिस ने शवों को चाकसू हॉस्पिटल की मॉर्चुरी में रखवाया है।
चाकसू SHO यशवंत सिंह ने बताया कि हादसे में आगरावाली ढाणी गांव शक्करखावदा चाकसू निवासी सोनी देवी (48) पत्नी राम किशोर और उसके बेटे गिर्राज प्रसाद प्रजापत (25) की मौत हो गई। रविवार सुबह मां-बेटे घर के पास स्थित खेत में सरसों की फसल कटाई कर रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे कुएं से पीने के लिए पानी निकालने के लिए सोनी देवी गई थी। कुएं से पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर बेटा पहुंचा और बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई।

बचाने को दौड़े लोग
पुलिस ने बताया कि कुआं 60 फीट गहरा था। मां को डूबते देखकर बचाने के लिए बेटे गिर्राज ने चिल्लाते हुए छलांग लगा दी। शोर-शराबे की आवाज सुनकर पास ही खेतों में काम कर रहे लोग भी कुएं के पास पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत कर ग्रामीणों की मदद से रस्सी से दोनों को बाहर निकाला। मां-बेटे को चाकसू हॉस्पिटल लेकर गए। जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।